मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए
सागर जिले में जहरीली शराब का मामला
सागर जिले में जहरीली शराब से मौतें: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा अनुविभाग में घूघरा, जालमपुर और बराज गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने के कारण हड़कंप मच गया है। इन गांवों में कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस गंभीर मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवेश पटेरिया ने मीडिया से बातचीत में बताया, "अब तक 9-10 लोगों की मौत हो चुकी है। हमारी चिकित्सा टीम प्रभावित गांवों में सक्रिय है, घर-घर जाकर मरीजों की पहचान की जा रही है। लक्षणों से मिथाइल अल्कोहल पॉइज़निंग का संदेह है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। मरीजों को स्थिर किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है।"
जिला मजिस्ट्रेट प्रतिभा पाल ने कहा, "सुबह से अवैध शराब पीने से बीमार होने और मौत की खबरें आ रही हैं। सिविल अस्पताल में इसकी जांच चल रही है। हमारी टीम आस-पास के क्षेत्रों में लोगों की जांच कर रही है। यदि किसी को लक्षण दिखें या पिछले 24 से 48 घंटों में शराब पी हो, तो उन्हें डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए।"
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि शनिवार रात बाराज गांव के कुछ लोगों ने शराब पी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य छह की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा, "प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ज़हर का असर लग रहा है, लेकिन पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।"
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मैंने अधिकारियों को सख्त कदम उठाने और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।" यह घटना उस समय हुई है जब हाल ही में एक लाइसेंसधारी ठेकेदार ने शिकायत की थी कि इलाके में नकली शराब बेची जा रही है।