मध्य प्रदेश में 'ब्रह्मा' ग्रीनफील्ड संयंत्र का शिलान्यास 10 अगस्त को
ब्रह्मा ग्रीनफील्ड संयंत्र का उद्घाटन
10 अगस्त को मध्य प्रदेश के विदिशा में 'ब्रह्मा' ग्रीनफील्ड रोलिंग स्टॉक निर्माण संयंत्र का शिलान्यास होने जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बात की जानकारी दी।
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए विदिशा संसदीय क्षेत्र में बीईएमएल के अत्याधुनिक 'ब्रह्मा' ग्रीनफील्ड संयंत्र की स्थापना की घोषणा की। यह संयंत्र भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के उमरिया में स्थापित किया जाएगा, जो 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित विदिशा' के लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस संयंत्र की लागत 1,800 करोड़ रुपए होगी और यह वंदे भारत रेल, मेट्रो कोच, और रक्षा उत्पादों के डिजाइन, निर्माण, असेंबली और परीक्षण के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यह परियोजना देश की रेल और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न करेगी। इसके अलावा, यह स्थानीय सूक्ष्म और लघु उद्यमों को प्रोत्साहित करके क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी योगदान देगा।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने वीडियो में बताया कि इस संयंत्र का शिलान्यास रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय विकास और राष्ट्र निर्माण का उत्सव होगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना विदिशा को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होगी और क्षेत्र के लोग इसके लाभ से गर्वित होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए यह संयंत्र एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। यह परियोजना न केवल विदिशा, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इससे क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे स्थानीय समुदाय को सीधा लाभ मिलेगा।