मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार पर मल्लिकार्जुन खरगे का तीखा हमला
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
नई दिल्ली। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में राज्य में व्यापक स्तर पर लूट मची हुई है। हर विभाग में भ्रष्टाचार और निजी लाभ के लिए खेल चल रहा है, जो भाजपा की सत्ता की असली कहानी है। व्यापम से शुरू हुई यह लूट अब भी जारी है, भले ही कई पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामले सामने आ चुके हैं।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश अब भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र बन चुका है। एक घोटाला खत्म नहीं होता कि दूसरा सामने आ जाता है। हाल ही में एथेनॉल के नाम पर ₹1200 करोड़ का चावल घोटाला उजागर हुआ है। यह चावल कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए निर्धारित था, लेकिन इसे मुनाफे के खेल में बदल दिया गया। 5 लाख मीट्रिक टन चावल, राइस मिलरों, एथेनॉल माफिया और भाजपा सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार का हिस्सा बन गया है। भाजपा और सरकारी तंत्र की मिलीभगत से जनता के हक के अनाज पर डाका डाला जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले जमीनों के मामले में भी बड़ा घोटाला सामने आया था। उज्जैन में उन क्षेत्रों में जमीनों का विस्तार हुआ, जहां सरकारी बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट और हाईवे कॉरिडोर प्रस्तावित थे। इस मामले में मुख्यमंत्री पर भी सवाल उठाए गए हैं। हर विभाग में लूट और अपनी जेबें भरने का खेल, यही भाजपा की सत्ता की कहानी है। व्यापम से शुरू हुई यह लूट अब भी जारी है। भाजपा ने मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार का मॉडल बना दिया है, जबकि मोदी जी हर बार की तरह मौन हैं। सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही की धारणा को मोदी-शाह ने सत्ता के अहंकार के तले रौंद दिया है।