मध्य प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना में सहायता राशि बढ़ाई
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में बदलाव
मध्य प्रदेश की सरकार ने महिलाओं के लिए चल रही ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता को 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति माह करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
यह योजना मार्च 2023 में 1000 रुपए मासिक सहायता राशि के साथ शुरू की गई थी, जिसे सितंबर 2023 में 1250 रुपए कर दिया गया। अब, नवंबर 2025 से यह राशि 1500 रुपए प्रति माह करने की स्वीकृति दी गई है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 12 नवंबर को सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 1 करोड़ 26 लाख महिलाओं के खातों में यह राशि भेजी जाएगी।
इस योजना में 250 रुपए की वृद्धि के कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,793 करोड़ 75 लाख रुपए का अतिरिक्त बजट आवश्यक होगा। इस वर्ष के लिए संभावित व्यय 20,450 करोड़ 99 लाख रुपए होगा।
इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने आचार्य शंकर संग्रहालय ‘अद्वैत लोक’ के निर्माण के लिए मंजूर लागत को बढ़ाने का निर्णय लिया। पहले 2195 करोड़ 54 लाख रुपए की मंजूरी दी गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 2424 करोड़ 369 लाख रुपए किया गया है।
संस्कृति विभाग द्वारा ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर की 108 फीट की बहुधातु प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही, आचार्य शंकर के जीवन और दर्शन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण भी किया जाएगा।
मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने सरकारी भवनों में ‘पीपीपी’ मॉडल पर सोलर रूफटॉप संयंत्रों को मंजूरी दी है। इसके अलावा, खंडवा जिले के मांधाता में सिविल कोर्ट की स्थापना के साथ 7 नए पदों के सृजन का निर्णय भी लिया गया।