मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार
अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
प्रसिद्ध मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत को यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोच्चि की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
मंगलवार शाम को इडुक्की जिले से पकड़े गए रंजीत
पुलिस के अनुसार, रंजीत को मंगलवार शाम इडुक्की जिले से गिरफ्तार किया गया। पहले उन्हें थोडुपुझा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, फिर कोच्चि पुलिस को सौंपा गया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें बुधवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
शूटिंग के दौरान अभिनेत्री के यौन उत्पीड़न की कोशिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक महिला अभिनेत्री ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान रंजीत ने उसके साथ यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि रंजीत ने उसे कारवां में बुलाया और वहां दुर्व्यवहार करने का प्रयास किया।
रंजीत के खिलाफ नया नहीं यौन उत्पीड़न का मामला
यह पहला मामला नहीं है जब रंजीत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। 2024 में एक बंगाली अभिनेत्री ने भी उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। अभिनेत्री ने कहा था कि 2009 में फिल्म 'पलेरी माणिक्यम' की शूटिंग के दौरान रंजीत ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था। यह मामला अदालत तक पहुंचा था, और केरल हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
ये भी पढ़ें:
Shubhangi Atre: बीच पर सुकून के पल बिताते दिखीं अंगूरी भाभी