☰
×

महंत परमहंस आचार्य का बयान: अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा हिंदुओं की घर वापसी का संकेत

महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को हिंदुओं की घर वापसी का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि यह कदम समाज में सकारात्मक संदेश देगा और राम मंदिर के प्रति लोगों की आस्था को बढ़ाएगा। आचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम सभी के हैं और उनका स्वागत होना चाहिए। जानें इस महत्वपूर्ण बयान के पीछे की पूरी कहानी।
 

अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा

अयोध्या। तपस्वी छावनी के महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा लगभग एक करोड़ हिंदुओं की घर वापसी का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा।


महंत ने यह भी बताया कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर गोलीबारी की घटना के कारण कई लोग राम मंदिर से दूर हो गए थे। अब जब अखिलेश यादव रामलला के दर्शन के लिए आ रहे हैं, तो इससे उनके समर्थकों में एक सकारात्मक संदेश जाएगा, जिससे वे भी भगवान श्रीराम को अपना मानकर मंदिर दर्शन के लिए आगे आएंगे।


महंत परमहंस आचार्य ने यह स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के नहीं हैं, बल्कि वे सभी के हैं। जो भी उनकी शरण में आता है, उसका स्वागत होना चाहिए। अखिलेश यादव के इस कदम का स्वागत किया जाना चाहिए। राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। रामराज्य की स्थापना तभी संभव है जब सभी लोग भगवान श्रीराम के आदर्शों का पालन करेंगे।


पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम है। जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ घर वापसी की बात करता है, तो जो लोग सनातन से भटक गए हैं, अगर वे भी सनातन में आते हैं, तो उनका स्वागत होना चाहिए। प्रभु श्रीराम ने स्वयं कहा है, 'कोटि विप्र बध लागहिं जाहू, आएं सरन तजउं नहिं ताहू।' भगवान श्रीराम ने कहा कि अगर करोड़ों ब्राह्मणों का हत्यारा भी मेरी शरण में आता है, तो मैं उसका त्याग नहीं करूंगा। यह जरूर मुझे सुनने को आया है कि अयोध्या से सटे चार-छह जिलों में अहीर लाठियों में तेल लगाना शुरू कर दिए हैं। जब हमें किसी ने बताया, तो हमने पूछा कि बाबा, आप भी रोकने जाएंगे? हमने कहा, किस बात के लिए? तो उन्होंने बताया कि हम लोग बढ़िया बम्बइया लाठी तैयार कर रहे हैं और उसमें तेल लगाना शुरू कर दिए हैं, ताकि जो अखिलेश को रोकेगा, उसके स्वागत में हम लोग तैयार हैं।