महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा आद्या श्रीवास्तव ने Google में 50 लाख रुपये के पैकेज पर पाई नौकरी
आद्या श्रीवास्तव की सफलता
नालागढ़ (अनिल कपूर): महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय, बद्दी की पूर्व छात्रा आद्या श्रीवास्तव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्व की प्रमुख तकनीकी कंपनी गूगल में 50 लाख रुपये के आकर्षक वार्षिक पैकेज पर चयनित होकर सभी को गर्वित किया है। इस सफलता ने विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बना दिया है।
आद्या ने महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय से बी.टेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (बैच 2019–2023) की पढ़ाई की। अपने अध्ययन के दौरान, उन्होंने मजबूत शैक्षणिक आधार, तकनीकी कौशल और नवाचार की क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी यह सफलता विश्वविद्यालय में मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उद्योग उन्मुख प्रशिक्षण का प्रमाण है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि आद्या की यह उपलब्धि वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जिससे वे भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. नंद किशोर गर्ग, प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) आर. के. गुप्ता, कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रदीप सिंह वालिया, चांसलर नामित श्री सुरेश गुप्ता और रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) पंकज नांगलिया सहित विश्वविद्यालय परिवार ने आद्या को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।