महिलाओं की नई पसंद: क्या बदल गई हैं डेटिंग की प्राथमिकताएं?
महिलाओं की डेटिंग प्राथमिकताएं समय के साथ बदल गई हैं। एक हालिया सर्वेक्षण में पता चला है कि अब महिलाएं 'बुरे लड़के' या केवल पैसे वाले पुरुषों की बजाय ईमानदार, भावनात्मक रूप से उपलब्ध और मेहनती पुरुषों को पसंद करती हैं। जानें कि क्या पुरानी धारणाएं अब प्रासंगिक नहीं हैं और आज की महिलाएं किस तरह के रिश्तों की तलाश कर रही हैं।
Jul 7, 2025, 16:26 IST
महिलाओं की बदलती पसंद
पहले यह माना जाता था कि महिलाओं को प्रभावित करना सरल है, लेकिन अब यह धारणा बदल चुकी है। समय के साथ, प्यार के अर्थ में बदलाव आया है और महिलाओं की प्राथमिकताएं भी बदल गई हैं। अब केवल पैसे वाले या 'बुरे लड़के' उनकी पहली पसंद नहीं रह गए हैं। तो सवाल यह है कि आज की महिलाएं किसकी ओर आकर्षित होती हैं?
इस सवाल का उत्तर जानने के लिए एक प्रसिद्ध डेटिंग ऐप ने हाल ही में एक दिलचस्प सर्वेक्षण किया। इसके परिणाम चौंकाने वाले थे, क्योंकि जो बातें पहले महत्वपूर्ण थीं, वे अब उतनी अहम नहीं रहीं। तो चलिए जानते हैं कि महिलाएं अब क्या चाहती हैं…
हाल ही में डेटिंग ऐप QuackQuack ने एक सर्वेक्षण किया, जिसमें भारत के विभिन्न शहरों की 22 से 35 साल की 7615 महिलाओं से पूछा गया, 'आप किसी को डेट करने से क्यों मना करती हैं?' इस सर्वे के नतीजे लड़कों की सोच को पूरी तरह बदल सकते हैं।
ऐप के सीईओ रवि मित्तल का कहना है, 'महिलाओं की पसंद को लेकर लंबे समय से कई गलतफहमियां थीं। यह अध्ययन दर्शाता है कि अब समय आ गया है कि हम पुरानी धारणाओं को छोड़कर रिश्तों को समझदारी से देखें।'
पुरानी बातें जो अब नहीं चलतीं
क्या हैं वो बातें जो अब नहीं चलतीं?
1. 'Bad Boy' अब नहीं लगते कूल
रहस्यमयी व्यक्तित्व, टैटू, कम बोलना, और अनदेखा करना, ये सब फिल्मी किरदारों में तो आकर्षक लगते हैं, लेकिन असल जिंदगी में महिलाएं अब ऐसे लड़कों से दूर हो रही हैं। 25-35 उम्र की 6 में से 4 महिलाओं का कहना है कि 'Bad Boy' वाली सोच अब किशोरावस्था के लिए ही सही है। अब महिलाएं ऐसे लोगों को पसंद करती हैं जो ईमानदारी से बात करें और भावनात्मक रूप से उपलब्ध हों।
2. लंबा-चौड़ा, गोरा-चिट्टा होना अब जरूरी नहीं
आपकी ऊंचाई या लुक्स पहले प्रभाव को अच्छा बना सकते हैं, लेकिन अब महिलाएं इन चीजों के इर्द-गिर्द अपने सपने नहीं बुनतीं। सर्वे में 49% महिलाओं ने कहा कि रिश्ते में 'लुक्स' का ज्यादा महत्व नहीं है। वे उन लोगों को ज्यादा पसंद करती हैं जिनमें दयालुता, भावनात्मक समझ और अच्छा व्यक्तित्व हो।
3. पैसा दिखाने से नहीं चलेगा
महिलाएं अब अमीर लड़कों की बजाय मेहनती, महत्वाकांक्षी और जमीन से जुड़े लोगों की ओर आकर्षित होती हैं। लग्जरी कारों और ब्रांडेड कपड़ों का दिखावा उल्टा असर डाल सकता है। 4 में से 3 महिलाओं ने कहा कि वे उस इंसान को पसंद करती हैं जो अपने भविष्य पर ध्यान दे रहा हो, न कि दिखावे वाले रईस को।
4. 'Cool Dude' बनकर इग्नोर करने की एक्टिंग अब बोरिंग लगती है
एक समय था जब 'लेट रिप्लाई' और 'कोल्ड बिहेवियर' को आकर्षक माना जाता था, लेकिन अब महिलाएं ऐसे लड़कों में रुचि नहीं रखतीं। 30 की उम्र पार कर चुकी 41% महिलाओं ने कहा कि वे ऐसे पुरुषों को पसंद करती हैं जो समय पर जवाब दें और ईमानदारी से बात करें।
क्या लड़कों को बदलने की जरूरत है?
सीधा जवाब है, हां, लेकिन डरने की कोई बात नहीं। अब लड़कियों को इमोशनली मैच्योर, ईमानदार और जमीन से जुड़े लड़के पसंद हैं। फिल्मी फॉर्मूलों और सोशल मीडिया के ओवरकॉन्फिडेंट स्टाइल को छोड़कर बस अच्छा इंसान बनने की कोशिश करें। याद रखें, अब समय आ गया है कि लड़के 'Act Cool' करना छोड़ें और 'Be Kind' बनें। यही आज की महिलाओं को वाकई पसंद आता है।