महुआ मोइत्रा ने चुनाव आयुक्त के खिलाफ दर्ज की शिकायत
महुआ मोइत्रा की शिकायत
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत दिल्ली के संसद मार्ग थाने में की गई है। महुआ का आरोप है कि ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची में नियमों का उल्लंघन करते हुए बदलाव किए हैं और कई योग्य मतदाताओं के नाम हटा दिए हैं।
शिकायत में चार मुख्य आरोप लगाए गए हैं। पहले आरोप में कहा गया है कि चुनाव आयोग की अनुमति के बिना उनके नाम से पत्र या संदेश जारी किए गए हैं। दूसरे में यह आरोप है कि वीआईपी और महत्वपूर्ण व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए अनौपचारिक निर्देश दिए गए। तीसरे आरोप में महुआ ने कहा है कि उन मतदाताओं के खिलाफ भी अपील की गई है, जिन्हें अदालतों ने मतदाता सूची में शामिल करने का आदेश दिया था। चौथा आरोप यह है कि राज्य स्तर के चुनाव अधिकारियों को मतदाता सूची तक पूरी पहुंच नहीं दी गई।
महुआ ने अपनी शिकायत की कॉपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए ज्ञानेश कुमार को 'चोर' कहा और आरोप लगाया कि वे बिना अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के काम कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस शिकायत से एक दिन पहले एक अंग्रेजी समाचार पत्र ने ज्ञानेश कुमार के कार्यशैली पर एक विस्तृत खोजी रिपोर्ट प्रकाशित की थी।