मानसून 2026: देश में समय से चार दिन पहले आएगा मानसून
मानसून की जल्दी दस्तक
उत्तर भारत सहित कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी का सामना किया जा रहा है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक सकारात्मक खबर दी है। इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून देश में सामान्य समय से चार दिन पहले आ सकता है। आमतौर पर, केरल में मानसून का आगमन एक जून को होता है, लेकिन इस बार यह 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। पिछले साल भी मानसून ने पहले ही अंडमान और फिर केरल में दस्तक दी थी।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय प्रणाली
IMD के अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक प्रणाली विकसित हो रही है, जो अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकती है। यह प्रणाली मानसून की गति को तेज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रणाली के प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच भारी बारिश की संभावना है। वहीं, असम, मेघालय और मणिपुर में भी बारिश के आसार हैं। दूसरी ओर, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में लू का प्रकोप जारी है। सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर 47.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा।
हिमाचल प्रदेश में तूफान का कहर
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा और मंडी में सोमवार को आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और घरों की छतें उड़ गईं। फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। कुल्लू के काईसधार में एक घर की छत उड़ गई है। मशियार के घलिंगचा, घलियाड, कांडी और कमेडा में तूफान के कारण 5 से 7 रिहायशी मकान और 10 गौशालाओं की छतें उड़ने से भारी नुकसान हुआ है।