मानसून की दस्तक: उत्तर भारत में गर्मी का कहर और बारिश की संभावना
उत्तर भारत में तापमान 40 डिग्री से ऊपर
मानसून की स्थिति: देश में मानसून ने तीन दिन की देरी से प्रवेश किया है और अब यह सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। यह अरब सागर के मध्य हिस्सों, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच चुका है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 12 जून के बीच बारिश की संभावना है।
11 जून से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, रविवार को दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
दिल्ली में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली में रविवार को तापमान 41.6 डिग्री रहा। विदर्भ के ब्रह्मपुरी में 45.2 डिग्री के साथ यह देश का सबसे गर्म स्थान रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 44.8, फलोदी में 44.4, और जैसलमेर में 43.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में ऊना में तापमान 39.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान भी लगाया है।
पहाड़ों पर आंधी और बूंदाबांदी
जम्मू-कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कई स्थानों पर आंधी और हल्की बूंदाबांदी हुई। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। कश्मीर के कुलगाम और शोपियां में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। केरल में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई है।