मुंबई में मेयर पद को लेकर सस्पेंस, उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान
बृहन्मुंबई नगर निगम में राजनीतिक हलचल
मुंबई। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के 227 सदस्यों में भाजपा को 89 सीटें, शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें और शिवसेना (UBT) को 65 सीटें प्राप्त हुई हैं। भाजपा-शिंदे गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला है, फिर भी मेयर पद को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस बीच, शिवसेना (UBT) के नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि 'अगर देव चाहते हैं, तो मुंबई में शिवसेना (UBT) का मेयर बनेगा।' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिंदे गुट भाजपा से भयभीत है और उन्हें चिंता है कि उनके कॉरपोरेटर टूट सकते हैं।
‘अगर सत्ता में हैं तो अपने लोग डरे क्यों?’
शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भाजपा-शिंदे गठबंधन से जीतने वाले कॉरपोरेटर्स को डराकर ताज होटल में कैद किया गया है। मीडिया से बातचीत में राउत ने कहा कि इस गठबंधन से जीतकर आए कॉरपोरेटर्स को इस डर से होटल में बंद कर दिया गया है कि कोई उन्हें उठा ना ले या धमका ना दे। एकनाथ शिंदे ने ताज होटल को जेल बना दिया है। वहां रखे गए 25 से 29 लोगों को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।
ठाणे में राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे की है। अगर ये सत्ता में हैं तो उनके अपने गठबंधन के कॉरपोरेटर्स किडनैप होने या जबरन ले जाए जाने से क्यों डर रहे हैं? ताज होटल को यरवदा या आर्थर रोड जेल बना दिया गया है। यह सीधे-सीधे उनके अधिकारों पर हमला है।
मुंबई पुलिस ने बढ़ाई ताज होटल की सुरक्षा
संजय राउत के ताज होटल जाने की घोषणा और आरोपों के बाद मुंबई पुलिस ने ताज होटल की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।
‘बहुत से लोग हमारे संपर्क में हैं’
राउत ने कहा कि जिन कॉरपोरेटर्स ने चुनाव जीता है, उन्हें ताज होटल से बाहर निकाला जाना चाहिए। वे डर के माहौल में रखे गए हैं। बहुत से लोग हमारे संपर्क में हैं। मुंबई में भाजपा का मेयर कौन चाहता है? खुद एकनाथ शिंदे भी नहीं चाहते।