मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 912 पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित लिपिक संवर्ग सीधी भर्ती-2023 के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किए गए सुधारों का परिणाम है कि अब साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को उत्तर प्रदेश सरकार में सेवा का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जब योग्य अभ्यर्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से होता है, तो यह केवल एक परिवार की सफलता नहीं होती, बल्कि यह शासन व्यवस्था और आम जनता के विश्वास का प्रतीक बनता है।
उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 912 पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में सकारात्मक बदलाव का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को शासन में अपनी सेवाएं देने का अवसर प्राप्त हुआ है। हमने सरकारी भर्तियों में ग्रुप 'C' और 'D' की परीक्षाओं में इंटरव्यू की व्यवस्था को समाप्त किया है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को हर स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश वही है, मानव बल वही है, लेकिन लोगों के दृष्टिकोण में बदलाव आया है। हमने उत्तर प्रदेश को एक उत्सवपूर्ण प्रदेश के रूप में स्थापित किया है। आज हर व्यक्ति इस बात को स्वीकार करता है कि उत्तर प्रदेश के प्रति Overall Perception में जो बदलाव आया है, उसमें यूपी पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। हमारी पुलिस ने वह कर दिखाया है जो पहले कभी संभव नहीं हुआ, और आज उसी के सकारात्मक परिणाम हमारे सामने हैं।