मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की, पर्यावरण की सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास आवश्यक है, लेकिन यह पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए। विकास और पर्यावरण का संतुलन सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि केवल अपरिहार्य स्थिति में ही वृक्षों का कटान किया जाए। जितने वृक्ष काटे जाएं, उससे अधिक पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए। इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजनाओं के समय पर निपटारे के लिए मुख्यमंत्री ने जिम्मेदारियों का निर्धारण करते हुए निर्देश दिया कि जिलाधिकारी साप्ताहिक और मुख्य सचिव पाक्षिक स्तर पर कार्यों की गहन समीक्षा करें। लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि NHAI और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए, ताकि सड़क परियोजनाएं बिना किसी देरी के पूरी हों। ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास और औद्योगिक विस्तार का आधार हैं।
जनहित की इन परियोजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों से सीधे संवाद किया जाए। बिचौलियों का हस्तक्षेप किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।