×

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में विकास की उपलब्धियों का किया ब्योरा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में अपने एक वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने बताया कि कैसे भाजपा सरकार ने क्षेत्र में विकास की ठोस शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चार वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। जानें इस रिपोर्ट में और क्या-क्या महत्वपूर्ण बातें शामिल हैं।
 

मुख्यमंत्री का विकास रिपोर्ट कार्ड

दल से बड़ी जनता और राष्ट्र प्रथम, विकास के रास्ते में नहीं आएगा भेदभाव: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


विकसित दिल्ली की नींव तैयार, अगले 4 वर्षों में बदलेगी ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर: सीएम रेखा गुप्ता


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में ‘प्रवास कार्यक्रम’ के तहत लोगों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने पिछले एक वर्ष में सरकार द्वारा किए गए कार्यों का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली केवल विज्ञापनों तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक विकास की दिशा में कदम बढ़ा रही है। उन्होंने पूर्व सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षित रहा है, लेकिन भाजपा सरकार ने ‘अंत्योदय से ग्रामोदय’ के लक्ष्य के साथ विकास की ठोस शुरुआत की है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह मुंडका, बवाना, नरेला, किराड़ी और सुल्तानपुर माजरा जैसे ग्रामीण इलाकों में जाती हैं, तो उन्हें अपने परिवार के बीच होने का अहसास होता है। उन्होंने अपने कार्यकाल को ‘बदहाली से बदलाव’ की यात्रा बताते हुए कहा कि इस दौरान सड़क, पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है।


उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नए प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुंडका विधानसभा क्षेत्र के लिए 264 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ यहां के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन समस्याओं को पूर्व सरकारों ने स्थायी मान लिया था, वर्तमान सरकार उनका स्थायी समाधान निकालने के लिए ठोस कदम उठा रही है।


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की 10 विधानसभाओं में भले ही कुछ क्षेत्रों का नेतृत्व विपक्ष कर रहा हो, लेकिन भाजपा सरकार के लिए ‘दल से बड़ी जनता’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ का सिद्धांत सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ग्रामीण दिल्ली को भी समान अवसर प्रदान कर रही है।


मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सब जनता की एक वोट की ताकत से संभव हुआ है। पिछले एक वर्ष में सरकार ने विकसित दिल्ली की दिशा तय की है और आने वाले चार वर्षों में यहां की स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी। इस अवसर पर उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद श्री योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, मंगोलपुरी के विधायक श्री राज कुमार चौहान, रिठाला के श्री कुलवंत राणा, नरेला के विधायक श्री राजकरण खत्री, बादली के विधायक श्री अहीर दीपक चौधरी, मुंडका के विधायक श्री गजेंद्र दराल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।