×

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला में विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के समर्पण और महिला सशक्तीकरण की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। जानें इस विशेष अवसर पर उनके विचार और योजनाओं के बारे में।
 

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र की प्रगति की कामना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्र की समृद्धि एवं प्रधानमंत्री जी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की


बिना किसी अवकाश के निरंतर राष्ट्रसेवा का अनूठा उदाहरण हैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी: सीएम रेखा गुप्ता


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला सशक्तीकरण की योजनाओं के लिए देश की आधी आबादी की ओर से प्रधानमंत्री जी का जताया आभार


नई दिल्ली: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि और प्रधानमंत्री जी के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने गौ सेवा में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सेवा और राष्ट्र गौरव के नए मानक स्थापित किए हैं। आज केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिक प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं।


इस अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद श्री योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक वार्ड से निगम पार्षद श्री सुमन कुमार गुप्ता समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री जी के समर्पण को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित किया है। देश की सेवा का सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के दौरान उन्होंने बिना किसी अवकाश के निरंतर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके विजन के कारण ही आज भारत वैश्विक मंच पर सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।


महिला मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी जी की पहलों का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की लगभग प्रत्येक योजना में महिला सशक्तीकरण की भावना निहित है। करोड़ों शौचालयों के निर्माण से महिलाओं को सम्मान मिला, वहीं ‘उज्ज्वला योजना’ ने माताओं और बहनों के जीवन से धुएं की परेशानी दूर कर उनके जीवन को अधिक सुगम बनाया है। साथ ही ‘मुद्रा योजना’, ‘पीएम स्वनिधि’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी दूरदर्शी पहलों के माध्यम से देश की लाखों महिलाओं और युवतियों को उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं।


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की आधी आबादी की ओर से वे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का कोटि-कोटि धन्यवाद करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में भारत ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के अपने लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करेगा। अंत में उन्होंने दोहराया कि माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र से प्रेरणा लेकर दिल्ली सरकार भी ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।