मुख्यमंत्री सुक्खू ने हमीरपुर में हेलीपोर्ट और बस अड्डे का किया निरीक्षण
हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हमीरपुर जिले के जसकोट में 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य इस वर्ष मई तक पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कनेक्टिविटी और अधोसंरचना के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्यटन विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार हर जिला मुख्यालय और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हेलीपोर्ट का निर्माण कर रही है। हाल ही में संजौली हेलीपोर्ट से चंडीगढ़ और रिकांगपिओ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की गई हैं, जिससे पर्यटक आसानी से प्रमुख स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, संजौली-रामपुर-रिकांगपिओ और संजौली-मनाली (सासे हेलीपैड) के लिए भी जल्द हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने 123 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हमीरपुर बस अड्डे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है और इन्हें समय पर पूरा किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, कै. रणजीत सिंह, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा, सुभाष ढटवालिया, रूबल ठाकुर, सचिव एम सुधा देवी और आशीष सिंघमार, उपायुक्त गंधर्व राठौर, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।