मुरादाबाद पुलिस का सख्त संदेश: महिलाओं के खिलाफ छेड़खानी करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा
मुरादाबाद पुलिस की सख्त चेतावनी
मुरादाबाद: हाल ही में मुरादाबाद पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में थाना प्रभारी ने महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी करने वाले शोहदों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चौराहे पर पीटते हुए ले जाने की बात कही। यह वीडियो मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल का है, जहां पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित किया।
कुंदरकी थाना प्रभारी हमवीर सिंह का यह सख्त अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। जन चौपाल कार्यक्रम जलालपुर खास गांव में आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई।
जब थाना प्रभारी हमवीर सिंह ने जन चौपाल में बोलना शुरू किया, तो उन्होंने महिलाओं और बेटियों के प्रति छेड़खानी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "अगर किसी ने मेरी बहन या बेटी की तरफ बुरी नजर से देखा या बदतमीजी की, तो मैं उसे चौराहे से पीटते हुए ले जाऊंगा।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी दलाल या सिफारिश को नहीं मानेंगे। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियां सभी की हैं, और इस मुद्दे पर वह किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे।
इस सख्त चेतावनी पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन किया।