मैरी मिलबेन ने भारतीय युवाओं को CJP के खिलाफ सतर्क रहने की सलाह दी
गायिका का चेतावनी भरा संदेश
नई दिल्ली: अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और इसके संस्थापक अभिजीत दिपके के खिलाफ भारतीय युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अमेरिकी दाताओं से इस आंदोलन को वित्तीय सहायता मिल रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरते हैं और इसी कारण ये लोग देश में प्रदर्शन कर रहे हैं। मिलबेन ने सीजेपी की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका उद्देश्य देश की व्यवस्था को कमजोर करना है।
बुधवार को, मिलबेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर युवा देशभक्तों को संबोधित करते हुए कहा, “अभिजीत दिपके और कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिकी दाताओं से फंडिंग मिल रही है। ये ऐसे लोग हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व को खतरा मानते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “डरो मत। आपके प्रधानमंत्री, जिन्होंने 25 साल तक भारत की सेवा की है - 12 साल प्रधानमंत्री के रूप में और लगातार तीन बार चुने गए - वे विघटनकारी ताकतों के सामने झुकने वाले नहीं हैं।”
मिलबेन ने विघटनकारी सोच वालों के पैटर्न को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, “इन चुनिंदा दाताओं का एक ही पैटर्न है। जो कंजर्वेटिव ग्लोबल लीडर्स को निशाना बनाते हैं, वे अमेरिका में पढ़े-लिखे व्यक्तियों को ढूंढते हैं, उन्हें कट्टरपंथी बनाते हैं, फिर वापस देश भेजते हैं और तबाही मचाने के लिए फंड देते हैं। इनमें से कोई भी सफल नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने देश के विकास और शासन पर असर जरूर डाला है।”
अपनी बात को समाप्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुप रहने का समय नहीं है। भारत के सभी युवा देशभक्तों से अपील की कि वे आगे आएं और इस संगठन की विनाशकारी सोच के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करें।
कॉकरोच जनता पार्टी वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और एसआईआर में कथित अनियमितताओं के आरोप में ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगा है। 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर सीजेपी ने प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण पुलिस कार्रवाई के चलते ऐसा नहीं हो पाया था।