मोदी सरकार ने कर्मचारियों और किसानों के लिए दशहरा और दिवाली पर दिए बड़े तोहफे
मोदी कैबिनेट के महत्वपूर्ण निर्णय
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को दशहरा और दिवाली के अवसर पर कर्मचारियों, किसानों और छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इस बैठक में कुल 1.20 लाख करोड़ रुपये के फैसले किए गए। सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। यह निर्णय 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा, जिससे 49 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन फैसलों की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की। सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि कर किसानों को भी खुशखबरी दी है। दाल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बीजों का उपयोग और पूरी वैल्यू चेन पर काम करने का निर्णय लिया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। वर्तमान में 1288 केंद्रीय विद्यालयों में 14 लाख छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। नए स्कूलों के खुलने से लाखों बच्चों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त होगी। आइए, केंद्रीय कैबिनेट के आज के निर्णयों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत, DA और DR में 3 प्रतिशत की वृद्धि
कैबिनेट ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है। यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से लागू होगी, जिससे यह 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो जाएगी। इस निर्णय का लाभ 49.19 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.72 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। सरकार पर इस फैसले का सालाना बोझ लगभग 10,083 करोड़ रुपये पड़ेगा।