×

मोहाली में विकसित होगा अत्याधुनिक प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर

पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने मोहाली में एक अत्याधुनिक प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की घोषणा की है। यह परियोजना लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगी और इसमें विश्व स्तरीय सुविधाएं होंगी। मंत्री ने बताया कि यह केंद्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करेगा, जिससे पंजाब में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जानें इस प्रोजेक्ट के बारे में और क्या खास है।
 

मोहाली में नया कन्वेंशन सेंटर

चंडीगढ़ - पंजाब के उद्योग, वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, स्थानीय निकाय और बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने आज मोहाली में पल्कशा यूनिवर्सिटी के पास एक अत्याधुनिक बहु-उद्देशीय प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर (ई.सी.सी.) के निर्माण की घोषणा की। यह परियोजना पंजाब को बुनियादी ढांचे और वैश्विक व्यापारिक अवसरों का केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक पहल पंजाब को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और निवेश के लिए एक पसंदीदा स्थान बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"


उन्होंने बताया कि यह कन्वेंशन सेंटर मोहाली आईटी सिटी के केंद्र में लगभग 14 एकड़ क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की लागत लगभग 250 करोड़ रुपये होगी और इसे एग्जीकन इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस लिमिटेड द्वारा विकसित किया जाएगा। रियायत की अवधि 15 वर्ष होगी।


मंत्री ने कहा, "इस प्रोजेक्ट के तहत एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा, जो विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस होगा और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करेगा।"


उन्होंने बताया कि यह परियोजना दो चरणों में पूरी होगी, जिसमें पहला चरण 31 दिसंबर 2026 तक और दूसरा चरण 31 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।


बुनियादी ढांचे के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि ई.सी.सी. में कॉलम-फ्री प्रदर्शनी हॉल होंगे, जिनमें 40,000 वर्ग फुट और 15,000 वर्ग फुट के दो बड़े हॉल, एक रिटेल, फूड और बेवरेज जोन और 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा शामिल होगी।


मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा, "यह कन्वेंशन सेंटर 5,000 से 10,000 डेलिगेट्स वाली कॉन्फ्रेंस, 2,000 लोगों के लिए मीटिंग एरिया, व्यापार मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मेजबानी करने में सक्षम होगा।"


आधुनिक डिजाइन और स्थिरता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इस सुविधा में उन्नत कॉलम-फ्री संरचनाएं, कुशल ट्रैफिक सर्कुलेशन, अग्नि सुरक्षा मानक और ग्रीन 5-स्टार सस्टेनेबल डिजाइन सिद्धांत शामिल होंगे।


मंत्री ने कहा, "यह प्रोजेक्ट पंजाब के लिए एक नुहार बदलने वाला साबित होगा, जो वैश्विक कार्यक्रमों की मेजबानी, निवेश आकर्षित करने और रोजगार सृजन की क्षमता को बढ़ाएगा।"


आर्थिक प्रभावों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पहले पांच वर्षों में 15,000 से 25,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।


मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा, "यह प्रोजेक्ट मोहाली को 21वीं सदी के आईटी और सेवाओं के हब के रूप में विकसित करने के लिए पंजाब सरकार के व्यापक विजन के अनुरूप है।"


प्रेस कॉन्फ्रेंस में एग्जीकन ग्रुप के चेयरमैन एम. क्यू. सईद, पुडा के ए.सी.ए. विकास हीरा, प्रोजेक्ट के आर्किटेक्ट संजय सूर्या और राहुल शाह, डायरेक्टर भी उपस्थित थे।