मौसम में बदलाव: अगले पांच दिनों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम का मिजाज बदलने की चेतावनी
नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में वृद्धि के बीच मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई क्षेत्रों में हवाओं की गति 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कुछ राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण हीटवेव का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान में 18 और 19 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 और 16 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 15 से 19 मार्च तक कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी भारत में, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 15 से 17 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ओडिशा में 14 से 18 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।
दक्षिण भारत में, तेलंगाना में 15 से 18 मार्च के बीच बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में 16 मार्च को भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक और तमिलनाडु में 17 और 18 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि केरल में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक हो सकती है।
पश्चिमी भारत में 18 और 19 मार्च को गुजरात क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
हालांकि कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ, झारखंड और ओडिशा में उष्ण लहर चलने की संभावना है, जबकि कोंकण, गोवा और केरल में गर्म और आर्द्र मौसम बना रह सकता है।