यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा, 4 बच्चे लापता
हमीरपुर में नाव पलटने की घटना
हमीरपुर: बुधवार की रात यमुना नदी में एक गंभीर दुर्घटना हुई, जब कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास नौ लोगों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक महिला और एक बच्चे के शव बरामद किए गए हैं। चार बच्चे अब भी लापता हैं। तेज बारिश और नदी की तेज धारा के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, कुतुबपुर गांव में देशराज निषाद की बेटी की शादी थी। शादी में शामिल होने आए कुछ रिश्तेदार तरबूज और खरबूज खाने के लिए यमुना नदी पार कर दूसरी ओर गए थे। विष्णु निषाद अपनी पत्नी और सात बच्चों के साथ नाव से नदी पार कर रहे थे। लौटते समय सभी लोग नाव में सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही नाव नदी के मध्य पहुंची, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इसके बाद नाव में सवार सभी लोग तेज धारा में बहने लगे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में विष्णु निषाद और एक बच्चे ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाला। सर्च अभियान के दौरान एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। चार बच्चे अभी भी लापता हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने SDRF समेत अन्य बचाव दलों को भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन नदी किनारे अपने प्रियजनों की तलाश में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।