यमुनानगर में गैस पाइपलाइन में आग: सीसीटीवी फुटेज से खुलासा
यमुनानगर गैस लीक का वीडियो
हरियाणा के यमुनानगर में गैस पाइपलाइन में अचानक आग लगने का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें घटना की भयावहता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। सड़क पर लोग बातचीत कर रहे थे और वाहनों की आवाजाही जारी थी, तभी अचानक एक तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक महिला सहित तीन लोग झुलस गए। आग की चपेट में आने वाले दो लोग पाइपलाइन पर काम कर रहे कर्मचारी बताए गए हैं।
सड़क किनारे अचानक भड़की आग
यह घटना यमुनानगर के मॉडल कॉलोनी क्षेत्र में चिट्टा मंदिर चौक के पास हुई। यहां घरेलू गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। रामपुरा पुलिस चौकी के निकट स्थित इस इलाके में दुकानों और रिहायशी मकानों के कारण लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सीसीटीवी फुटेज में सड़क किनारे कई लोग खड़े होकर बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अचानक आग की लपटें उठने पर लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके जैसी तेज आवाज के साथ आग भड़की थी।
महिला समेत तीन लोग झुलसे
इस हादसे में 64 वर्षीय सुनीता देवी और पाइपलाइन पर काम कर रहे दो कर्मचारी अंकित और ललित कुमार झुलस गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुनीता देवी गंभीर रूप से झुलसी थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया। वहीं, दोनों कर्मचारियों का उपचार यमुनानगर के सिविल अस्पताल में किया जा रहा है। आग की चपेट में आने से आसपास की दुकानों को भी नुकसान हुआ है। एक दुकान में कपड़े प्रेस करने का काम होता था, जबकि पास की इलेक्ट्रिशियन की दुकान में रखा सामान भी जल गया।
दमकल की तीन गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर किया ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। जिला फायर अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।