यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन से 100 श्रद्धालु फंसे, बचाव अभियान सफल
भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे पर संकट
चमौली- उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। स्यानाचट्टी के निकट अचानक भारी भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पर मलबा गिर गया और हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया, जिसके चलते लगभग 100 श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। बड़कोट और जानकीचट्टी पोस्ट से आए जवानों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सड़क के बंद होने के कारण, जवानों ने पहले सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग पर रस्सियां लगाईं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित रूप से पार कराया जा सके।
इसके बाद, एसडीआरएफ के जवानों ने एक-एक श्रद्धालु को सावधानीपूर्वक रस्सी के सहारे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। कई घंटों तक चले इस रेस्क्यू अभियान में लगभग 100 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
बारिश के चलते यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।