युवक की करंट लगने से हुई मौत, गांव में शोक की लहर
सोनौली में युवक की करंट से मौत
महराजगंज से रिपोर्ट :: जगन्नाथपुर टोला, भारिया गांव में रविवार की सुबह एक युवक की करंट लगने से दुखद मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश साहनी (पिता विक्रम साहनी) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश अपने खेत में पानी देने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया है कि उसने लगभग पांच एकड़ भूमि पर मछली पालन और खेती कर रखी थी। मछलियों की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर बिजली प्रवाहित कंटीले तार लगाए गए थे। आशंका है कि इसी तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
सोनौली पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रकाश को मेहनती और मिलनसार बताते हुए उसकी असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
रिपोर्टर विजय चौरसिया