युवा कांग्रेस ने अंकिता भंडारी के लिए न्याय की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
इंडिया गेट पर धरना
अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए इंडिया गेट पर उनके माता-पिता के साथ धरने पर बैठे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गुरुवार सुबह हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन वरुण पांडेय ने बताया कि चिब और संगठन के कार्यकर्ता बुधवार रात से अंकिता के माता-पिता के साथ सत्याग्रह कर रहे थे। पुलिस ने सुबह लगभग चार बजे अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लिया और इसके बाद युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी जबरन बसों में बैठाकर ले गई।
चिब ने कहा कि अंकिता के माता-पिता पिछले चार वर्षों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें ही हिरासत में लिया जा रहा है, जबकि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बना दिया गया है। उन्होंने यह सवाल उठाया कि बेटियों को भाजपा नेताओं से बचाना है या राज्यपाल से।
उन्होंने यह भी कहा कि युवा कांग्रेस अंकिता और उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के पद से हटाने की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो न्याय की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन किया जाएगा।