यूनेस्को की चेतावनी: जलवायु परिवर्तन और संघर्षों से विश्व धरोहरों को खतरा
विश्व धरोहरों पर मंडराते खतरे
बुसान: यूनेस्को ने जलवायु परिवर्तन और बढ़ते संघर्षों के कारण वैश्विक धरोहरों को हो रहे खतरों पर ध्यान आकर्षित किया है। सोमवार को, शीर्ष अधिकारियों ने जलवायु परिवर्तन और सशस्त्र संघर्षों के प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और निवारक उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया।
दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित विश्व धरोहर समिति के 48वें सत्र के दौरान, यूनेस्को के संस्कृति मामलों के सहायक महानिदेशक नायेफ अल-फायेज ने कहा कि विश्व धरोहर स्थलों का विनाश एक गंभीर समस्या है, जिसके समाधान के लिए वैश्विक समुदाय को एकजुट होना होगा।
योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं या संघर्षों के बाद मरम्मत करने के बजाय रोकथाम पर ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है। भौतिक क्षति की भरपाई संभव हो सकती है, लेकिन मानसिक और सांस्कृतिक क्षति की भरपाई करना कठिन होता है।
अल-फायेज ने कहा, "यह जिम्मेदारी केवल सरकारों की नहीं है। इन स्थलों पर रहने वाले लोगों, वहां काम करने वालों और पर्यटकों की भी समान जिम्मेदारी है। हमें मिलकर इन अमूल्य धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित करना होगा।"
यूनेस्को विश्व धरोहर केंद्र के निदेशक लाजारे एलाउंडू असोमो ने भी इस चिंता को साझा करते हुए कहा कि वैश्विक धरोहरें इस समय "अभूतपूर्व दबाव" का सामना कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन धरोहरों को कई खतरों का सामना करना पड़ रहा है, जैसे चरम मौसम की घटनाएं, प्राकृतिक आपदाएं, जानबूझकर हमले और मानव गतिविधियों का बढ़ता दबाव।
असोमो ने कहा, "बुसान में हो रही समिति की बैठक पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के दृष्टिकोण को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमें उम्मीद है कि यह बैठक वैश्विक जागरूकता का एक नया दौर शुरू करेगी और विश्व धरोहरों की रक्षा के लिए नई प्रतिबद्धता को प्रेरित करेगी।"
सोमवार को समिति ने सर्वसम्मति से 'बुसान डेक्लरेशन ऑन वर्ल्ड हेरिटेज' को अपनाया, जिसमें सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों पर बढ़ते खतरों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
असोमो ने इस घोषणा को समिति का एक स्पष्ट संदेश बताते हुए कहा कि "हमें धरोहरों की रक्षा के प्रयासों को रोकना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें और मजबूत करना चाहिए।"
विश्व धरोहर समिति का यह सत्र सोमवार को औपचारिक रूप से शुरू हुआ। उद्घाटन समारोह रविवार को आयोजित किया गया था। यह पहली बार है जब दक्षिण कोरिया 1988 में यूनेस्को विश्व धरोहर सम्मेलन का सदस्य बनने के बाद इस बैठक की मेज़बानी कर रहा है। यह 10 दिवसीय सत्र अगले बुधवार तक चलेगा।