यूपी में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल: सभी 75 जिलों में आज शाम होगी तैयारी
यूपी में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन
यूपी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल: आज (रविवार) शाम 6 बजे उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह अभ्यास युद्ध और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण है। इस दौरान सायरन बजेंगे और कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बंद रहेगी। पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य सेवाएं और आपदा राहत टीमें अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी।
सूत्रों के अनुसार, शाम 6 बजे से शुरू होने वाली इस मॉक ड्रिल के दौरान शहरों में कुछ समय के लिए अंधेरा छा जाएगा, और प्रशासनिक टीमें सतर्क रहेंगी। सायरन की आवाज सुनाई देगी और बिजली कट जाएगी। हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन 2 मिनट तक बजेगा। लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
इस मॉक ड्रिल में लगभग 1 लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। सायरन सुनते ही लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचेंगे, और प्रशासन आपातकालीन तैयारियों का मूल्यांकन करेगा। इस अभ्यास के सफल आयोजन के लिए शासन ने उप नियंत्रकों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में नागरिक सुरक्षा विभाग, SDMA, DDMA, SDRF, NDRF, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।