यूपी विधानमंडल का विशेष सत्र 30 अप्रैल को, नारी शक्ति वंदन विधेयक पर होगी चर्चा
यूपी विधानमंडल का विशेष सत्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए 30 अप्रैल को विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने की अनुमति दे दी है। प्रदेश सरकार ने इस सत्र के आयोजन के लिए कैबिनेट द्वारा बाई सर्कुलेशन मंजूरी दी थी, जिसके बाद प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया और उन्होंने इसे स्वीकृति प्रदान की।
वास्तव में, नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के पारित न होने पर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला किया है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष को घेरते हुए कहा कि संसद में इस विधेयक के दौरान विरोधी दलों का व्यवहार द्रौपदी के चीरहरण के समान था। यह महिला सम्मान और लोकतंत्र दोनों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। अब सरकार विधानसभा में भी इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की योजना बना रही है।
सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को होने वाले विधानमंडल के सत्र में सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी और विपक्ष पर भी हमलावर होगी। चर्चा है कि इस सत्र में विपक्ष के व्यवहार को लेकर निंदा प्रस्ताव भी पेश किया जा सकता है।