यूसुफ पठान के ससुर और रिश्तेदारों की गिरफ्तारी, मुंबई में मारपीट का मामला
यूसुफ पठान के ससुर और रिश्तेदारों की गिरफ्तारी
यूसुफ पठान के ससुर और रिश्तेदारों की गिरफ्तारी: भारतीय क्रिकेट के पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान के ससुर, उनके बेटे और एक अन्य रिश्तेदार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर एक व्यक्ति और उसके परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप है। एक आरोपी अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, इन तीनों की गिरफ्तारी दो दिन पहले भायखला क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि यूसुफ खान नामक स्थानीय निवासी शनिवार रात लगभग 9 बजे अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार से पानी उछलकर शोएब खान (यूसुफ पठान के साले) पर गिर गया। यूसुफ खान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इस घटना के लिए शोएब से माफी मांगी, लेकिन उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। शोएब ने बांस की लकड़ी से कार की विंडशील्ड तोड़ दी और फिर यूसुफ खान पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूसुफ ने घर लौटकर अपने परिवार को पूरी घटना बताई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में जाने की सलाह दी। जब वे पुलिस स्टेशन जा रहे थे, तभी उनकी मुलाकात खालिद खान (यूसुफ पठान के ससुर) से हुई, जो अपने बेटे उमरशाद खान, शोएब और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान के साथ थे। इस दौरान दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि बहस के दौरान खालिद, उमरशाद, शोएब और शहबाज ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ और उनके परिवार पर हमला किया। इस हमले में यूसुफ के साले सलमान का हाथ टूट गया, जबकि उनके चाचा जाकी अहमद को गंभीर चोटें आईं।
इस घटना के बाद शहबाज फरार हो गया, जबकि तीन लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उमरशाद ने भायखला पुलिस स्टेशन में दूसरे पक्ष के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है, लेकिन इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।