योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के लिए नई प्रणाली का शुभारंभ किया
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में 78,000 से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि के उपहार और सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था से विक्रेताओं के पारिश्रमिक में पारदर्शिता, प्रक्रिया में सरलता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश की छवि को सुधारने और उचित मूल्य विक्रेताओं के प्रति लोगों की धारणा को सकारात्मक बनाने के लिए 2017 में हमने e-PoS मशीनें स्थापित की थीं। उस समय हमने कहा था कि राशन सीधे FCI के गोदाम से उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंचेगा। इस प्रक्रिया में सरकार और विक्रेताओं के बीच कोई मध्यस्थ नहीं होगा। राशन की सीधी डिलीवरी शुरू की गई, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और विक्रेताओं का सम्मान भी बढ़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि, 2017 से पहले लोग कोटेदारों को संदेह की दृष्टि से देखते थे और उनका सम्मान नहीं होता था। ‘कोटेदार’ शब्द सुनते ही लोगों को चिढ़ होती थी। आपकी गलती नहीं थी, लेकिन आप पर आरोप लगते थे। अब स्थिति में सुधार आया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि, बेसिक शिक्षा परिषद में भी पहले जैसी स्थिति थी। अब स्कूलों में वीडियो बनाए जाएंगे। 2017 से पहले भूख से मौतें होती थीं और गरीबों का राशन कार्ड कोई और अपने पास रख लेता था। अब ऐसी स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि, ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं जैसे अच्छी फ्लोरिंग, अलग-अलग टॉयलेट, पेयजल, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और फर्नीचर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हर बच्चे को बैग, किताबें, दो यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और स्वेटर जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।