योगी सरकार ने मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन के MD को हटाया, 15 IAS अधिकारियों के तबादले
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक बदलाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन में स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद में अनियमितताओं को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे। घटिया उपकरणों की खरीद के मामले में लगातार शिकायतें आ रही थीं, लेकिन MD डॉ. उज्ज्वल कुमार ने इसे नजरअंदाज किया। अब योगी सरकार ने उन्हें पद से हटा दिया है।
शनिवार को योगी सरकार ने 15 IAS अधिकारियों के तबादले किए, जिसमें डॉ. उज्ज्वल कुमार का नाम भी शामिल है। उन्हें विशेष सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, जे. रिभा को विशेष सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म से प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, जौनपुर और मऊ के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) सहित कई अन्य अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खांडिया को अब मऊ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। मऊ के पूर्व CDO विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, नरेंद्र बहादुर सिंह को जौनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इससे पहले, वे लखीमपुर खीरी में अपर जलाधिकारी (वित्त/राजस्व) के पद पर कार्यरत थे।
अमित कुमार सिंह को निदेशक, पंचायती राज से प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ बनाया गया है, जबकि प्रकाश बिंदु को प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ से सचिव, चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।