रतलाम में 6 महीने के बच्चे का अपहरण, 20 घंटे में सुरक्षित बरामद
रतलाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई
भोपाल - मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की जावरा औद्योगिक थाना पुलिस ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने हुसैन टेकरी क्षेत्र से अपहृत 6 महीने के बच्चे को केवल 20 घंटे के भीतर सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया है। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, फरियादी शाहिल नट और उनकी पत्नी साहिन नट ने औद्योगिक थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे हुसैन टेकरी में सड़क किनारे सो रहे थे, तभी तड़के करीब 4 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके 6 महीने के बेटे रिहान का अपहरण कर ले गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से तेजी से कार्रवाई की और 20 घंटे के भीतर शिवपुरी थाना कोलारस क्षेत्र से मासूम रिहान को सुरक्षित बरामद कर लिया। अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। बच्चे की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली, और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इसी तरह की एक सराहनीय कार्रवाई 3 जून को दिल्ली में भी देखने को मिली थी, जहां दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने मई महीने में लापता और अपहृत 124 लोगों को उनके परिवारों से मिलाया था।
लापता और अपहृत व्यक्तियों की रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की, जिससे यह सफलता प्राप्त हुई। इस वर्ष 31 मई तक दिल्ली पुलिस ने कुल 673 लोगों को उनके परिवारों से मिलाने में सफलता पाई है। अधिकारियों के अनुसार, इन तेज और समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप, दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने 1 मई से 31 मई के बीच 124 लापता व्यक्तियों, जिनमें 33 बच्चे और 91 वयस्क शामिल थे, का पता लगाने में सफलता प्राप्त की। पुलिस टीमों ने 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत इन व्यक्तियों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिवारों से मिलाने में समर्पण और पेशेवर रवैया दिखाया।