×

रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने से मची अफरा-तफरी

रतलाम जिले में रविवार सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में आग लग गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय पर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर यातायात रोक दिया गया है। रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
 

रतलाम में ट्रेन में आग लगने की घटना


रविवार सुबह रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के निकट त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह घटना सुबह लगभग साढ़े पांच बजे लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई। आग की लपटें देखकर ट्रेन में मौजूद यात्रियों में घबराहट फैल गई, लेकिन समय पर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात को रोक दिया गया।


सूत्रों के अनुसार, ट्रेन के गार्ड ने सबसे पहले कोच से उठती आग देखी और तुरंत लोको पायलट को सूचित किया। ट्रेन को तुरंत रोका गया, और इसके बाद आरपीएफ जवानों और रेलवे स्टाफ ने तेजी से बचाव कार्य शुरू किया। लगभग 15 मिनट के भीतर पूरे बी-1 कोच को खाली कर लिया गया। रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।




अपडेट जारी है...