राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट का उद्घाटन किया
इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट का उद्घाटन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के सरोजनी नगर में अशोक लेलैंड के नए इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत इलेक्ट्रिक वाहनों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आने वाले समय में पारंपरिक ईंधन से चलने वाले वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन प्रमुखता से उपयोग में लाए जाएंगे। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए ईवी को बढ़ावा देना आवश्यक है और सरकार इस दिशा में कई कदम उठा रही है। नियमों को सरल बनाया गया है और उद्योगों को ऑनलाइन प्रक्रियाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि अशोक लेलैंड का यह संयंत्र केवल एक कंपनी की सफलता नहीं है, बल्कि यह उद्योग जगत में सरकार की नीतियों पर बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार के तहत कानून-व्यवस्था, सड़कों और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण निवेश का माहौल बेहतर हुआ है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस संयंत्र का निर्माण 24 महीनों में पूरा होना था, लेकिन इसे रिकॉर्ड 18 महीनों में पूरा किया गया। यहां परिचालन शुरू होने के बाद हर महीने लगभग 2,500 इलेक्ट्रिक वाहन तैयार किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और अगले पांच वर्षों में हजारों करोड़ रुपये का निवेश होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने के लिए ‘फॉर्च्यून ग्लोबल 500 एवं फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनी निवेश प्रोत्साहन नीति-2023’ लागू की है। इसके साथ ही ‘उत्तर प्रदेश एयरोस्पेस एवं डिफेंस यूनिट और रोजगार प्रोत्साहन नीति’ के माध्यम से राज्य को रक्षा उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनाथ ने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 में, जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, उत्तर प्रदेश रोजगार, उद्योग, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि 2014 में भारत का घरेलू रक्षा उत्पादन 46 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के प्रयासों से भारत का रक्षा क्षेत्र तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। कौशल विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित किया गया है और लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस की फैक्ट्री में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। इससे यह स्पष्ट है कि भारत अब अपने हथियार खुद बना रहा है और उत्तर प्रदेश इसमें अग्रणी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, जो पहले ‘बीमारू राज्य’ के रूप में जाना जाता था, अब औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का मजबूत केंद्र बन रहा है। वर्ल्ड-क्लास ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड कमर्शियल व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की शुरुआत प्रदेश की औद्योगिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।