राष्ट्रीय महिला आयोग ने 'सरके चुनर' गाने पर लिया संज्ञान, 5 लोगों को समन
राष्ट्रीय महिला आयोग का संज्ञान
नई दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने 1990 के राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए, 'सरके चुनर तेरी सरके' गाने में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्टों पर स्वतः संज्ञान लिया है।
इस मामले में, आयोग ने अभिनेत्री नोरा फतेही, रकीब आलम, अभिनेता संजय दत्त, निर्माता वेंकट के. नारायण और निर्देशक किरण कुमार को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी किया है। आयोग ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया।
आयोग का कहना है कि गाने को पहली बार देखने पर यह यौन उत्तेजक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पीओसीएसओ अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन प्रतीत होता है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया गया है।
आयोग ने नोरा फतेही, संजय दत्त, रकीब आलम, वेंकट के. नारायण और किरण कुमार को मंगलवार, 24 मार्च को दोपहर 12:30 बजे संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है। आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है।