रूस और जापान में भूकंप के बाद सुनामी से भारी तबाही
महाशक्तिशाली भूकंप और सुनामी का कहर
मॉस्को/टोक्यो: रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार तड़के 8.8 की तीव्रता वाला एक भूकंप आया, जिसने व्यापक तबाही मचाई। भूकंप के तुरंत बाद उठी सुनामी की लहरें रूस और जापान के तटीय क्षेत्रों से टकराईं, जिससे भारी नुकसान की सूचना मिली है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप अब तक के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। इसका केंद्र पेत्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की शहर से लगभग 125 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में और समुद्र तल से 19 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के बाद, जापान और रूस के कई तटीय क्षेत्रों के लिए उच्चतम स्तर का सुनामी अलर्ट जारी किया गया। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने चेतावनी दी कि होक्काइदो से वाकायामा तक लहरें तीन मीटर (लगभग 10 फीट) तक ऊंची उठ सकती हैं। समाचार एजेंसी के अनुसार, कुछ स्थानों पर सुनामी की लहरें 4 मीटर (13 फीट) तक पहुंच गईं, जिससे बंदरगाहों और तटीय संरचनाओं को गंभीर नुकसान हुआ। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रूस के तटीय क्षेत्रों में इमारतों और सड़कों को जलमग्न होते हुए देखा जा सकता है।
इस विनाशकारी भूकंप के बाद, रूस और जापान ने तटीय क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने एक वीडियो संदेश में कहा, “आज का भूकंप दशकों में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है।” रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने सेवेरो-कुरील्स्क जैसे कई कस्बों में निवासियों को अपने घरों को छोड़कर ऊंचे स्थानों पर जाने का आदेश दिया।
जापान की BNO न्यूज के अनुसार, इस आपदा का समुद्री जीवन पर भी प्रभाव पड़ा है, और जापान के तट पर चार व्हेलें बहकर आ गईं। अधिकारी लोगों से तटों से दूर रहने की अपील कर रहे हैं, क्योंकि और बड़ी लहरों के आने की संभावना बनी हुई है।