रूस-यूक्रेन संघर्ष में ताजा हमले से बढ़ी चिंता
रूस का कीव पर बड़ा हमला
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तमाम कोशिशों के बावजूद रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने पर टैरिफ लगाने का निर्णय लिया, लेकिन इसके बावजूद दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है। हाल ही में, रूस ने बृहस्पतिवार की सुबह यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से एक बड़ा हमला किया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और 24 अन्य घायल हुए।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कीव के शहरी प्रशासन के प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने बताया कि मृतकों में एक 14 वर्षीय लड़की भी शामिल है। मृतकों की संख्या में इजाफा होने की आशंका है। त्काचेंको ने कहा कि डार्नित्स्की प्रांत में एक पांच मंजिला आवासीय इमारत पर सीधा हमला हुआ।
उन्होंने कहा, 'सब कुछ नष्ट हो गया है।' हमले के कारण मध्य कीव में एक प्रमुख सड़क पर टूटे हुए कांच के टुकड़े बिखर गए। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हाल ही में हुई बैठक के बाद हुआ, जिसमें यूक्रेन में तीन साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने पर चर्चा की गई थी।
हालांकि, उस बैठक के बाद युद्ध समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में तेजी आई, लेकिन अगले कदमों के बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आशा व्यक्त की है कि यदि पुतिन युद्ध समाप्त करने के लिए गंभीरता नहीं दिखाते हैं, तो अमेरिका रूसी अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाएगा।