रेवाड़ी में मानसून से पहले जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारी
जिला प्रशासन ने आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर जलभराव की संभावित समस्याओं से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए नालों की सफाई को प्राथमिकता दी है। इस सिलसिले में, एडीसी राहुल मोदी ने मंगलवार को रेवाड़ी के सेक्टर-4 का दौरा किया और नालों तथा सीवरेज लाइनों की सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, एडीसी ने सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले नालों और सीवर लाइनों से गाद, कचरा और अन्य अवरोध हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी सुचारू बनी रहे और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
एडीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से सफाई कार्य की निगरानी करने, गुणवत्ता बनाए रखने और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर किए जा रहे हैं।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक या अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। प्रशासन और आम जनता के संयुक्त प्रयासों से स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।