रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को स्वास्थ्य उपकरण भेंट किए
स्वास्थ्य सेवा में नया कदम
सुशील कुमार शर्मा
गाजियाबाद: समाज के जरूरतमंद लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रोटरी साहिबाबाद चैरिटेबल ट्रस्ट और रोटरी अशोका चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, गाजियाबाद को दो अत्याधुनिक वेंटिलेटर और एक ऑटोक्लेव मशीन (सभी आवश्यक एक्सेसरीज़ सहित) समर्पित की गई। इस जनहितकारी परियोजना का भव्य उद्घाटन समारोह 31 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया।
इस स्वास्थ्य सेवा परियोजना को सफल बनाने में इएमयू लाइन्स प्रा. लि., रोटेरियन अरुण अग्रवाल, अमित मित्तल, रोटेरियन पंकज गुप्ता, रोटेरियन मनोज अग्रवाल, गर्ग एसोसिएटस लिमिटेड और रोटेरियन अश्वनी कुमार का महत्वपूर्ण आर्थिक और नैतिक सहयोग रहा। रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने सभी सहयोगियों और दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन अमिता मोहिंद्रू (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर –आईपीडीजी,आरआईडी-3012) और रोटेरियन अमित गुप्ता (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर,आरआईडी-3012) ने मिलकर परियोजना का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरण किसी भी अस्पताल की जीवनरक्षक क्षमता को बढ़ाते हैं। इन वेंटिलेटरों और ऑटोक्लेव मशीन के माध्यम से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और संक्रमण नियंत्रण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की और कहा कि क्लब समाज में "सर्विस एबोव सेल्फ" की भावना को साकार कर रहा है।
रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद के अध्यक्ष रोटेरियन अश्वनी कुमार ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल उपकरण उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक उत्थान से जुड़े बड़े और स्थायी सेवा प्रकल्पों का संचालन करता रहेगा।
वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के प्रबंधन और चिकित्सकों ने रोटरी परिवार और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन अत्याधुनिक उपकरणों से अस्पताल की आपातकालीन और गंभीर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और हजारों मरीजों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद के पदाधिकारी, सदस्य, रोटरी परिवार के वरिष्ठजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, दानदाता और वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सक, चिकित्साकर्मी और प्रबंधन टीम बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अतिथियों और सहयोगियों का सम्मान किया गया और रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने समाज सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रकल्पों को निरंतर जारी रखने का विश्वास व्यक्त किया।