लखनऊ मंडल को मिला पूर्णकालिक मनोवैज्ञानिक अधिकारी, मानसिक स्वास्थ्य पर जोर
लखनऊ मंडल में नई नियुक्ति
लखनऊ। लखनऊ मंडल के मनोवैज्ञानिक केंद्र को कई वर्षों के बाद एक पूर्णकालिक मंडलीय मनोवैज्ञानिक अधिकारी प्राप्त हुआ है। विनोद कुमार ने अधीनस्थ राजपत्रित अधिकारियों के प्रमोशन के बाद इस महत्वपूर्ण पद का कार्यभार संभाला है।
विनोद कुमार इससे पहले लखनऊ के जुबिली इंटर कॉलेज में उपप्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत थे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले छह जिलों में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कार्यक्रमों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने और विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।