लखनऊ में आग लगने से 14 छात्रों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
लखनऊ में भयंकर आग का हादसा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित लर्निंग स्पेस लाइब्रेरी में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। इस घटना में 14 लोगों की जान चली गई। छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए कक्षाओं से छतों और खिड़कियों के माध्यम से कूदने का प्रयास किया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग कोचिंग सेंटर के नीचे एक दुकान से शुरू हुई, जिसके कारण ऊपर मौजूद छात्र फंस गए। वर्तमान में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। बिल्डिंग के पीछे की दीवार तोड़कर शवों को बाहर निकाला जा रहा है।
#लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में कोचिंग सेंटर में लगी आग से 14 लोगों की दर्दनाक मौत pic.twitter.com/kAzfvEaQnN
— Pradeepp Tiwarii || Tv Journalist | (@Pradeepp_Tiwari) June 22, 2026
हालिया जानकारी के अनुसार, आग सेकंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। कई छात्रों ने छत के गेट पर ताला लगे होने के कारण छज्जे से कूदकर अपनी जान बचाई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो में एक छात्र को बिल्डिंग की टूटी हुई खिड़की से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। वह बचने के लिए एक छज्जे को पकड़ने की कोशिश करता है, लेकिन पकड़ छूटने के कारण वह नीचे गिर जाता है। वहां मौजूद कुछ लोग उसे उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते हैं। इस हादसे में छात्र को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायज़ा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण और प्रमुख सचिव संजय प्रसाद भी पहुंचे हैं। लखनऊ के जिलाधिकारी और प्रशासनिक टीम के साथ पुलिस बल मौजूद है। राहत कार्य लगातार जारी है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि NDRF की टीम लाइब्रेरी की पीछे की दीवार तोड़कर शवों को निकाल रही है। लखनऊ में बिना फायर NOC और अन्य मानकों के आसपास के जिलों में बड़ी संख्या में लाइब्रेरी चल रही हैं।
सीएम ने जनहानि पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। pic.twitter.com/GR7TUpy82E
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 22, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य और घायलों के समुचित उपचार के कड़े निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने अलीगढ़ दौरा रद्द कर वापस लौटने का निर्णय लिया है।