लखनऊ में दामाद की हत्या: ससुर ने की बेरहमी से पिटाई
लखनऊ में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक चौंकाने वाली हत्या की घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को कलंकित कर दिया है। यहां एक वकील ससुर ने अपने दामाद को इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसकी मौके पर ही जान चली गई। यह सब उसकी पत्नी और छोटी बेटी के सामने हुआ, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान प्रतापगढ़ के सांगीपुर निवासी विष्णु यादव (32) के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। वह अपनी पत्नी साक्षी और लगभग 2 साल की बेटी अर्चिता के साथ ससुराल आया था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर अपनी पत्नी के कहने पर बच्ची को नाना-नानी से मिलवाने आता था। मंगलवार रात भी वह करीब 8 बजे ससुराल पहुंचा और परिवार के साथ भोजन करने के बाद रात करीब 10 बजे किसी बात पर विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि ससुर तीर्थराज सिंह, जो लखनऊ हाईकोर्ट में वकील हैं, गुस्से में आकर चारपाई का पटरा उठाकर विष्णु के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से विष्णु खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और वहीं उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी साक्षी को भी चोटें आईं।
सूत्रों के अनुसार, चार साल पहले साक्षी ने परिवार के खिलाफ जाकर विष्णु से प्रेम विवाह किया था, जिससे ससुर तीर्थराज सिंह बेहद नाराज रहते थे। पड़ोसियों का कहना है कि पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था और करीब डेढ़ साल पहले भी दामाद पर हमला किया गया था, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, सबूत जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी तीर्थराज सिंह और उनकी बेटियों समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।