लखनऊ में बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची
लखनऊ में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना
लखनऊ। लखनऊ के महानगर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 44 वर्षीय बहू ने अपने 22 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर 69 वर्षीय सास की हत्या कर दी। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या को अंजाम देने से पहले दोनों ने घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए थे, ताकि उन पर किसी को शक न हो। इसके बाद सास के हाथ-पैर बांधकर गला दबाया गया। हत्या के बाद, दोनों ने घर से कार लेकर निकलकर कुछ दूरी पर जाकर मोबाइल से CCTV फिर से चालू कर दिया, जिससे ऐसा लगे कि सब कुछ सामान्य है।
रोने का नाटक और CCTV ने खोली साजिश
घटना के कुछ समय बाद जब पोता घर पहुंचा, तो उसने दादी को बेहोश पाया और तुरंत अपने पिता और मां को सूचित किया। सूचना मिलते ही बहू अपने प्रेमी के साथ घर लौटी और रोने का नाटक करने लगी। उसने दावा किया कि घर में लूटपाट के बाद हत्या हुई है। लेकिन पुलिस की जांच में एक बड़ा सुराग मिला। घर के अंदर का CCTV दोपहर 2 से 4 बजे तक बंद पाया गया, जबकि बाहर लगे कैमरों में बहू अपने प्रेमी के साथ घर से बाहर जाते हुए दिखाई दी। मामले की जांच के दौरान पहुंचे डॉग स्क्वायड ने भी आरोपी प्रेमी के पास जाकर रुक गया, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा हो गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
4 साल का अफेयर बना हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला रंजना वर्मा और उसका प्रेमी राजन शर्मा पिछले 4 वर्षों से एक-दूसरे के साथ थे। यह बात परिवार के अन्य सदस्यों को पता चल गई थी, जिसके बाद दोनों के मिलने पर रोक लगा दी गई थी। सास निर्मला देवी भी इस रिश्ते का विरोध करती थीं, जिससे बहू नाराज रहती थी। आरोपी प्रेमी राजन शर्मा घर के पहले मंजिल पर किराए पर रहता था और पेशे से ओला टैक्सी ड्राइवर है। उसने ही घर के CCTV का नियंत्रण अपने पास रखा हुआ था। शनिवार को जब घर के पुरुष सदस्य काम पर चले गए, तो दोनों ने पहले कैमरे बंद किए और फिर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
मृतका के परिवार में बेटा, बहू और पोते-पोतियां साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार, परिवार में इस रिश्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और कई बार झगड़े भी हो चुके थे। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।