लखनऊ में बेटे ने पिता के शव के अंगूठे का निशान लगाकर किया संपत्ति का फर्जीवाड़ा
लखनऊ में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना
उत्तर प्रदेश। लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र के खड़ौहा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक बेटे पर आरोप है कि उसने अपने मृत पिता के शव के अंगूठे का निशान सादे कागज पर लगवाया, ताकि वह जमीन और संपत्ति अपने नाम कर सके। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय छत्रपाल की मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि उनके बेटे महेंद्र ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर अंतिम संस्कार से पहले मृतक के हाथ का अंगूठा सादे कागज पर लगवाया। जब ग्रामीणों ने यह दृश्य देखा, तो वे दंग रह गए और कुछ ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
लखनऊ के रहीमाबाद में एक शर्मनाक मामला सामने आया है जहाँ 75 वर्षीय छत्रपाल की मृत्यु के बाद उनके इकलौते बेटे महेंद्र ने सादे कागज़ों पर शव का अंगूठा लगवा लिया।
जांच के अनुसार जीते-जी प्रताड़ित किए जाने के बाद पिता ने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर ज़मीन अपनी बेटियों के नाम कर दी थी।… pic.twitter.com/pIvTxYtePp
— Anurag Chaddha (@AnuragChaddha) August 13, 2026
पुलिस के अनुसार, छत्रपाल और उनकी पत्नी के बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दोनों बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट करते थे और 2023 में उन्हें घर से निकाल दिया था। छत्रपाल ने अपनी बेटियों की सेवा से खुश होकर अपनी साढ़े छह बीघा जमीन में से तीनों बेटियों को एक-एक बीघा देने का निर्णय लिया था और बेटे-बहू को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। 7 जुलाई को महेंद्र ने उन्हें इलाज के बहाने अपने साथ ले लिया, लेकिन 9 जुलाई को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। आरोप है कि अंतिम संस्कार से पहले महेंद्र ने चचेरे भाई की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार करने के लिए पिता के शव के अंगूठे का निशान सादे कागज पर लगवाया।
वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है और जांच कर रही है कि मृतक के अंगूठे के निशान का उपयोग किस दस्तावेज के लिए किया जाना था और संपत्ति से जुड़े मामले में इसकी क्या भूमिका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।