लखनऊ में मुठभेड़ में एक लाख का इनामी अपराधी ढेर
लखनऊ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
लखनऊ समाचार: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। एक लाख रुपये के इनाम का अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। वह हाल ही में पीजीआई क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्या मामले का मुख्य शूटर था और फरार चल रहा था। बीती रात हुई मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की खोज में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इंदिरा कैनाल के पास संजय उर्फ संजीव का सामना पुलिस से हुआ। जब उसने खुद को घिरा हुआ पाया, तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में मारा गया संजय उर्फ संजीव चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्या मामले का आरोपी था। वह अंबेडकरनगर के ग्राम चक कोदार का निवासी था और 27 मई को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुई हत्या का मुख्य शूटर था। वारदात के बाद से वह फरार था, लेकिन अब पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया है।
यह भी उल्लेखनीय है कि संजय उर्फ संजीव एक खतरनाक अपराधी था और खान मुबारक गैंग का सदस्य था। उसके खिलाफ कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे।