लखनऊ में रेप के मुख्य आरोपी की मुठभेड़ में गिरफ्तारी
लखनऊ में मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी
लखनऊ: लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक रेप के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। यह घटना गुरुवार रात को हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, और कुछ दूरी पर ऑटो पलट गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उसे बाएं पैर में गोली लगी। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय उपदेश लोधी उर्फ गहना के रूप में हुई है, जो रंजीतखेड़ा का निवासी है। वह हाल ही में दर्ज एक रेप केस का मुख्य आरोपी है।
दुष्कर्म की घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती 31 मई की शाम को तेलीबाग स्थित एक मॉल से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी। उसने एक ऑटो में सवारी की, जिसमें दो अन्य लोग रास्ते में उतर गए। आरोप है कि इसके बाद चालक और उसके साथी ने ऑटो को सुनसान इलाके में मोड़ दिया और युवती को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान एक कार की हेडलाइट देखकर दोनों आरोपी वहां से भाग गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि 450 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के बाद ऑटो की पहचान की गई। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद किया गया है। उसके फरार साथी की तलाश जारी है। लखनऊ पुलिस ने रेप के मुख्य आरोपी को दौड़ाकर गोली मारी, जिसके बाद वह हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।