लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान महायज्ञ का आयोजन
स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान का महायज्ञ
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मानवता की सेवा को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ पुलिस मित्र परिवार द्वारा 16वां स्वैच्छिक रक्तदान महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। यह रक्तदान शिविर रविवार, 16 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) हॉस्पिटल, पार्क रोड, हजरतगंज, लखनऊ में होगा।
लखनऊ पुलिस मित्र परिवार, पुलिस विभाग के कर्मियों और आम नागरिकों का एक सेवा-भावी समूह है, जो सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी कविंद्र प्रताप सिंह के संरक्षण में और उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में रक्तदान और मानवसेवा के कार्यों में सक्रिय है। यह समूह नियमित रूप से विभिन्न सरकारी अस्पतालों में रक्तदान शिविरों का आयोजन करता है।
इसके अलावा, यह समूह जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क रक्तदान और रक्त की व्यवस्था करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। लखनऊ पुलिस मित्र परिवार का उद्देश्य केवल रक्तदान शिविर आयोजित करना नहीं है, बल्कि समाज में एक ऐसी रक्तदानी संस्कृति विकसित करना है, जिससे किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण कठिनाई न हो। समूह के सदस्यों का मानना है कि रक्तदान केवल एक व्यक्ति की सेवा नहीं, बल्कि पूरी मानवता की सेवा है।
शिविर के आयोजक जितेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए देश के प्रति आभार व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यदि इस दिन हमारा रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सहायक हो सके, तो इससे बड़ी मानवसेवा और क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई धर्म, जाति या मजहब नहीं होता, यह केवल जीवन बचाने का माध्यम है। उन्होंने पुलिस परिवार, सामाजिक संगठनों, युवाओं, समाजसेवियों, रक्तदाताओं और आम नागरिकों से अनुरोध किया कि वे इस सेवा महायज्ञ में भाग लें और अपनी उपस्थिति से रक्तदान के इस अभियान को मजबूती प्रदान करें।