लखनऊ में होटल में सिपाही का शव मिलने से मचा हड़कंप
लखनऊ में सिपाही की संदिग्ध मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में स्थित होटल टाउन इन में एक पुलिसकर्मी का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान अंकित के रूप में हुई है, जो गोरखपुर जिले में तैनात थे।
सूत्रों के अनुसार, सिपाही अंकित अपने एक मित्र के साथ लखनऊ आए थे और दोनों ने होटल टाउन इन में ठहरने का निर्णय लिया था। इसी दौरान, संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव होटल के कमरे में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, सिपाही की मौत का कारण हार्ट अटैक हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और होटल में सिपाही के ठहरने तथा उनके मित्र के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।
गोरखपुर में तैनात इस सिपाही के शव मिलने की खबर से पुलिस महकमे में भी चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सिपाही अंकित की मौत किन परिस्थितियों में हुई।